अन्नकूट महोत्सव में भगवान जगन्नाथ को लगेंगे 56 भोग, भक्तों में धार्मिक उत्साह

News Jantantra

कटनी। दीपावली के पावन पर्व पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री जगदीश स्वामी मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 22 अक्टूबर, बुधवार 2025 को शाम 5 बजे से जगन्नाथ चौक स्थित श्री जगदीश स्वामी मंदिर परिसर में संपन्न होगा। आयोजन समिति ने समुदायदर्जनों भक्तों और श्रद्धालुओं से इस पुण्य अवसर पर सम्मिलित होने का आग्रह किया है।

अन्नकूट परंपरा के अंतर्गत भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा माता की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिर के पुजारियों ने बताया कि अन्नकूट पर्व पर प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की परंपरा निभाई जाती है। इसी क्रम में भक्तों द्वारा अन्न, फल, सब्जी, मिष्ठान और विविध व्यंजनों से भगवान को भोग अर्पित किया जाता है। इस अवसर पर 56 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग लगाया जाएगा, जिन्हें विशेष पूजा विधि के साथ भगवान को समर्पित किया जाएगा। भोग लगाने के बाद महाआरती की जाएगी और तत्पश्चात प्रसाद वितरण होगा।

ट्रस्ट कमेटी ने मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियाँ की हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु ट्रस्ट अध्यक्ष प्रमोद सरावगी, रथ यात्रा प्रभारी विजय ठाकुर, सचिव शिवकुमार सोनी, पुजारी चंद्रिका प्रसाद दुबे, पुजारी उमेश दुबे एवं समिति सदस्यों शिशिर टुडहा, मुरली मनोहर अग्रवाल, विपिन तिवारी, नरेश ताम्रकार, राजेश तिवारी, विपिन दुबे, मुन्ना ताम्रकार, विजय पटेल, राजेश पटेल, मनीष शर्मा, भरत गुप्ता आदि ने सामूहिक रूप से व्यवस्था संभाली है। समिति ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे शाम 5 बजे से पूर्व अपने-अपने घरों से स्वेच्छा से प्रसाद अर्पण हेतु मंदिर लाएँ।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक और भक्तिमय वातावरण में भक्ति संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। समिति सदस्यों ने सभी भक्तों से समय पर उपस्थित होकर भगवान जगन्नाथ के दिव्य अन्नकूट महोत्सव की गरिमा बढ़ाने का अनुरोध किया है।

Share This Article