बरही(सत्येन्द्र गौतम) थाना क्षेत्र में अवैध नलकूप खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक सहित रोटरी बोरिंग मशीन जब्त की है। यह कार्रवाई अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी (विजयराघवगढ़) वीरेंद्र धार्वे का मार्गदर्शन रहा। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी बरही अरविंद कुमार चौबे ने किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कुठियामहगांव में बिना वैध अनुमति के रोटरी बोर मशीन के जरिए नलकूप खनन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि एक ट्रक (क्रमांक CG 07 CT 0810) में बोरिंग मशीन लगाकर अवैध रूप से नलकूप खनन का कार्य चल रहा था।
पुलिस ने वाहन चालक शिवकुमार पटेल (उम्र 32 वर्ष), निवासी हरदुआ कला, थाना विजयराघवगढ़ से बोरिंग की अनुमति से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध अनुमति नहीं दिखा सका। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह कार्य जिला मजिस्ट्रेट कटनी द्वारा जारी आदेशों और प्रावधानों का उल्लंघन है।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक और बोरिंग मशीन को जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(a) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद कुमार चौबे के साथ सहायक उपनिरीक्षक दिनेश सिंह बघेल एवं अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध नलकूप खनन पर ट्रक और बोरिंग मशीन जब्त
