कटनी(सत्येन्द्र गौतम)जिले में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बरही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर–ट्रॉली को जप्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार जिले भर में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 जनवरी 2026 को थाना बरही पुलिस टीम देहात भ्रमण पर थी। इसी दौरान ग्राम जाजागढ़ क्षेत्र में एक नीले रंग का पावर टेक कंपनी का ट्रैक्टर–ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में रेत का परिवहन करते पाया गया। पुलिस द्वारा वाहन को रोककर जांच की गई। ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम कन्हैया गौतम, पिता ब्रजकिशोर गौतम, उम्र 20 वर्ष, निवासी हीरापुर, जिला कटनी बताया।
पुलिस द्वारा जब ट्रैक्टर–ट्रॉली में लोड रेत के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो चालक कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सका। दस्तावेजों के अभाव में रेत का परिवहन अवैध पाए जाने पर पुलिस ने समक्ष गवाहों की मौजूदगी में ट्रैक्टर–ट्रॉली को जप्त कर लिया। जप्त वाहन को सुरक्षार्थ थाना परिसर में खड़ा किया गया तथा चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौबे, सहायक उप निरीक्षक दिनेश गौतम एवं आरक्षक 781 विवेक यादव की विशेष भूमिका रही। बरही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बरही पुलिस ने अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर–ट्रॉली की जप्त, चालक के विरुद्ध कार्रवाई
