बरही पुलिस ने अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर–ट्रॉली की जप्त

News Jantantra

कटनी (सत्येन्द्र गौतम)जिले के बरही थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 25 जनवरी 2026 को बरही पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर–ट्रॉली को जप्त किया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में यह कार्यवाही की गई। अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी एवं क्षेत्र भ्रमण किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25.01.2026 को थाना बरही पुलिस टीम देहात भ्रमण पर थी। इसी दौरान ग्राम कुठिया महगवां बिछुआ टोला के पास एक नीले रंग का सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर–ट्रॉली अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पाया गया। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस द्वारा मौके पर ट्रैक्टर–ट्रॉली की जांच की गई। ट्रॉली में लोड रेत के संबंध में किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दस्तावेजों के अभाव में वाहन को अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर समक्ष गवाहों के कब्जे में लेकर जप्त किया गया। जप्त ट्रैक्टर–ट्रॉली को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए सुरक्षार्थ थाना परिसर में खड़ा किया गया है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौबे, सहायक उप निरीक्षक दिनेश सिंह बघेल, सहायक उप निरीक्षक दिनेश गौतम, आरक्षक 701 विवेक श्रीवास्तव एवं आरक्षक 781 विवेक यादव की विशेष भूमिका रही।
बरही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

Share This Article