कटनी,(सत्येंद्र गौतम) जनतंत्र। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीड़ी, खदान एवं सिने श्रमिकों के बच्चों को प्रदान की जाने वाली छात्रवृत्ति के आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) पर जारी हैं। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्री-मैट्रिक श्रेणी में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पूर्व निर्धारित 31 अगस्त 2026 के स्थान पर अब पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं पोस्ट-मैट्रिक श्रेणी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।
छात्रवृत्ति योजना में इस वर्ष कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नवीन प्रावधानों के तहत पात्र विद्यार्थी अब एक मेरिट-बेस्ड छात्रवृत्ति के साथ एक या एक से अधिक वेलफेयर-बेस्ड छात्रवृत्तियों के लिए भी पात्र हो सकेंगे। इससे श्रमिक परिवारों के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलेंगे।
योजना के अंतर्गत पात्रता के लिए परिवार की आय सीमा में भी वृद्धि की गई है। अब परिवार की अधिकतम मासिक आय ₹21,000 अर्थात वार्षिक आय ₹2,52,000 निर्धारित की गई है। इससे पहले की तुलना में अधिक श्रमिक परिवारों के बच्चों को योजना का लाभ मिल सकेगा।
संबंधित विभाग ने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने कार्यक्षेत्र में छात्रवृत्ति योजना के नवीन प्रावधानों तथा प्री-मैट्रिक आवेदन की संशोधित अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। स्थानीय समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से पात्र श्रमिकों और उनके बच्चों तक योजना की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया है।
विभाग ने पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना निर्धारित समयावधि में NSP के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।