कटनी नगर निगम में आठ एल्डरमैन नियुक्त, भाजपा नेताओं ने जताई खुशी

News Jantantra

कटनी(सत्येंद्र गौतम) प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मंत्रालय भोपाल द्वारा प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों में एल्डरमैन की नियुक्तियां की गई हैं। इसी क्रम में कटनी नगर निगम के लिए भी आठ एल्डरमैन मनोनीत किए गए हैं। इन नियुक्तियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
जारी आदेश के अनुसार नगर निगम कटनी में वेंकटेश मिश्रा, शोभा कुरील, प्रमोद तिवारी, अम्बरीष वर्मा (अम्बू), आशुतोष शुक्ला, नरेश अग्रवाल, अभिषेक शर्मा तथा अनुराग त्रिसोलिया को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। सभी नव-नियुक्त एल्डरमैन लंबे समय से सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के साथ विभिन्न संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
नियुक्त एल्डरमैन में वेंकटेश मिश्रा अंबेडकर वार्ड क्रमांक 21 के गायत्री नगर निवासी हैं, जबकि शोभा कुरील वंशस्वरूप वार्ड क्रमांक 29 की निवासी हैं। प्रमोद तिवारी रघुनाथगंज वार्ड क्रमांक 23, अम्बरीष वर्मा वार्ड क्रमांक 17 तुलसी नगर, आशुतोष शुक्ला वार्ड क्रमांक 13 शास्त्री कॉलोनी, नरेश अग्रवाल एवं अभिषेक शर्मा वार्ड क्रमांक 15 राहुल बाग तथा अनुराग त्रिसोलिया वार्ड क्रमांक 3 कृषि उपज मंडी रोड क्षेत्र से जुड़े हैं।
इन नियुक्तियों पर भाजपा जिला संगठन, महापौर तथा जिले के सभी विधायकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नव-नियुक्त एल्डरमैन को शुभकामनाएं दी हैं। जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि सभी एल्डरमैन नगर निगम की बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए शहर के विकास, जनहित के मुद्दों तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
शहर के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी इन नियुक्तियों का स्वागत किया जा रहा है। विशेष रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता, समाजसेवी, पूर्व मंडल महामंत्री एवं पत्रकार वेंकटेश मिश्रा तथा भाजपा मीडिया प्रभारी एवं पत्रकार आशुतोष शुक्ला के एल्डरमैन बनने पर उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और पत्रकार साथियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। शुभकामना संदेशों में आशा व्यक्त की गई कि दोनों अपने लंबे सामाजिक अनुभव और जनसंपर्क का लाभ शहर के विकास तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में लगाएंगे।
नगर निगम में एल्डरमैन की नियुक्ति से परिषद को अनुभवी और सक्रिय व्यक्तित्वों का सहयोग मिलेगा, जिससे विकास कार्यों में गति आने तथा जनहित से जुड़े विषयों पर प्रभावी सुझाव प्राप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article