कटनी।(सत्येन्द्र गौतम) पांच वर्षीय संकल्प के द्वितीय चरण में शिवभक्तों की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबू मदनलाल ग्रोवर की अगुवाई में निकली भव्य कांवड़ यात्रा सलैया पंडखुरी से प्रारंभ होकर कन्हवारा-डीठवारा होते हुए नीलकंठेश्वर धाम पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कांवड़ लेकर सहभागिता की और पूरे मार्ग में भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति, अनुशासन और सेवा की मिसाल प्रस्तुत की। जगह-जगह ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ियों का स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
नीलकंठेश्वर धाम पहुंचने के बाद विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पांच वर्षीय संकल्प के द्वितीय चरण की यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए साधना, संकल्प और सामूहिक शिवभक्ति का विराट संगम बन गई। आयोजकों ने बताया कि संकल्प के तहत आगामी वर्षों में भी कांवड़ यात्रा को निरंतर जारी रखा जाएगा।
संकल्प से साधना तक शिवभक्ति का विराट संगम बना सलैया पंडखुरी
