सतना। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा संचालित महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत आधार संस्था खजुराहो द्वारा शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सतना में दिनांक 6 फरवरी 2026 को पर्यटन स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अंजनी कुमार पांडे मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत सतना के परियोजना अधिकारी गौरव शर्मा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत में आधार संस्था द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके पश्चात संस्था के कार्यों एवं कार्यशाला के उद्देश्य की जानकारी दी गई। बताया गया कि आधार संस्था द्वारा सतना जिले में 300 बालिकाओं को स्किल ट्रेनिंग तथा 800 बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से लगभग 170 बालिकाएं रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ चुकी हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. अंजनी कुमार पांडे ने पर्यटन और पर्यटक के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सतना एवं चित्रकूट क्षेत्र में अपार पर्यटन संभावनाएं हैं। पर्यटन स्थलों की सुरक्षा और अच्छी व्यवस्थाएं स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, वाहन चालकों एवं प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार होगा, तभी पर्यटन और स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
पर्यटन प्रबंधक सत्येंद्र गौतम ने होम-स्टे, ग्राम-स्टे एवं फार्म-स्टे की जानकारी दी। कार्यक्रम अध्यक्ष गौरव शर्मा ने कहा कि महिलाएं एवं बालिकाएं पर्यटन स्थलों पर छोटे व्यवसाय शुरू कर सकती हैं तथा चित्रकूट के कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि चित्रकूट के सती अनसूइया एवं गुप्त गोदावरी जैसे स्थलों पर स्टॉल लगाने हेतु आवश्यक अनुमति प्रदान की जाएगी।
डॉ. राजनिधि सिंह एवं डॉ. शिवा खान ने भी पर्यटन से जुड़ने एवं स्वरोजगार के अवसरों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में पर्यटन, जिला पंचायत, शैड मैप एवं आधार संस्था के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में डॉ. राजनिधि सिंह द्वारा आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन संतोष कुमार सिंह सेंगर ने किया।
पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु सतना में पर्यटन स्तरीय कार्यशाला आयोजित
