सतना में पर्यटन स्तरीय कार्यशाला का आयोजन

News Jantantra

सतना। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा संचालित महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत आधार संस्था खजुराहो द्वारा सतना संकुल के सतना पर्यटन स्थल में गुरुवार को पर्यटन स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला प्रधानमंत्री कौशल केंद्र, सतना में आयोजित हुई, जिसमें सतीश दुबे (प्रबंधक, प्रधानमंत्री कौशल केंद्र) एवं डॉ. राजीव पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आधार संस्था के क्लस्टर कोऑर्डिनेटर संतोष सिंह द्वारा संस्था एवं परियोजना के परिचय से हुई। उन्होंने सतना में संस्था द्वारा कराई गई विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं को कुकिंग, बेकरी, हाउसकीपिंग, ई-रिक्शा एवं टैक्सी ड्राइविंग, सिक्योरिटी गार्ड, पेट्रोल पंप, स्ट्रीट वेंडर, फूड एंड बेवरेज सर्विस जैसे ट्रेड में प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण उपरांत कई प्रतिभागियों को रोजगार एवं स्वरोजगार से भी जोड़ा गया है।
मुख्य अतिथि डॉ. राजीव पांडे ने स्वास्थ्य और पर्यटन के आपसी संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुरक्षित और स्वच्छ पर्यटन स्थलों का विकास समाज और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए आवश्यक है। वहीं सतीश दुबे ने प्रशिक्षित बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटे स्तर से व्यवसाय शुरू कर आगे उसे बड़ा बनाया जा सकता है और कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। स्वयं की आर्थिक आय से महिलाएं अपने परिवार को भी आर्थिक सहयोग प्रदान कर सकती हैं।
कार्यक्रम में विजय यादव ने पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सुरक्षा और सतर्कता के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर मोनिका तिवारी, रवि पांडे, आलिया नाज, अवशेष कुमार वर्मा, निकिता त्रिपाठी सहित अन्य पर्यटक प्रबन्धक सत्येन्द्र गौतम व पर्यटक मित्र उपस्थित रहे। मंच का संचालन संतोष सिंह द्वारा किया गया।

Share This Article