बरही (कटनी)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष अवसर पर बरही नगर में विशाल एकत्रीकरण एवं पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए सतना विभाग कार्यवाह अमित कनकने ने कहा कि “हिंदू समाज का संगठन ही राष्ट्र निर्माण का आधार है। संघ का एकमात्र उद्देश्य है – भारत माता की जय।” उन्होंने कहा कि भारत को विश्व में सम्मान मिले, यह किसी प्रतिस्पर्धा से नहीं बल्कि अपने सत्य, संस्कृति और योगदान से संभव होगा। संघ समाज जीवन में संस्कारित मनुष्य निर्माण और उनका समाज हित के कार्यों में समर्पण के माध्यम से राष्ट्र को सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है।
कनकने ने अपने उद्बोधन में कहा कि संघ की स्थापना विजयादशमी के पावन अवसर पर हुई थी, जो धर्म, नीति और विजय का संदेश देती है। उन्होंने सतयुग, त्रेतायुग, द्वापर और कलियुग की संदर्भ कथाओं के माध्यम से समाज के नैतिक उत्थान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शाखा व्यक्ति निर्माण का केंद्र है और यही संस्कारित कार्यकर्ता पाँच प्रकार के सामाजिक परिवर्तन – शिक्षा, सामाजिक समरसता, स्वावलंबन, परिवार प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से राष्ट्र को परम वैभव तक ले जाएंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिलीप महतेल ने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से संघ ने समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मंच पर बरही संघ चालक डॉ. जिनेंद्र द्विवेदी भी उपस्थित रहे। पथ संचलन शासकीय हायर सेकंडरी विद्यालय से प्रारंभ होकर सेंट्रल बैंक चौराहा, राम मंदिर, सरस्वती विद्यालय और मुख्य बाजार से होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुआ। नगर की मातृशक्ति और प्रबुद्ध जनों ने पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सह जिला कार्यवाह सिद्धार्थ सिंह बघेल, नगर कार्यवाह नीरज त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि शताब्दी वर्ष में जिलेभर में 136 कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 12 अक्टूबर को कटनी नगर में वृहद संचलन तीन स्थानों—सेक्रेड हार्ट स्कूल, निर्मल सत्या गार्डन और लाल परेड ग्राउंड से दोपहर 3 बजे प्रारंभ होगा, जिसका समापन फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में होगा।
