बरही। करौंदी खुर्द स्थित सुधा स्मृति स्कूल में 14 नवंबर को बाल दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य बाल मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला बच्चों की सृजनात्मकता, कौशल और प्रतिभा को मंच प्रदान करने का एक शानदार अवसर होगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक विद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि मेले में विद्यार्थी अपने द्वारा तैयार किए गए मॉडल, विज्ञान प्रदर्शनियाँ, कला-कृतियाँ, खेल स्टॉल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान नृत्य, गीत, नाटक और अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुतियाँ होंगी। बच्चों की तैयारी को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है।
विद्यालय के डायरेक्टर रमाकांत मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ना है। वहीं, प्राचार्य राकेश कुमार उरमालिया ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व और सहभागिता की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम समन्वयक ललित दुबे ने बताया कि मेले की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और ग्रामवासी तथा अभिभावकों को आमंत्रित किया गया है।
विद्यालय परिवार ने अभिभावकों एवं ग्रामवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करें।
सुधा स्मृति स्कूल का यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा बल्कि बच्चों की प्रतिभा को नई दिशा देने में भी सहायक सिद्ध होगा।
“बचपन की मुस्कान ही भविष्य की पहचान है।”