बरही नगर परिषद की लापरवाही से वार्ड वासी जी रहे हैं “नरकीय ज़िंदगी”

News Jantantra

बरही( सत्येन्द्र कुमार )

। बरही से मैहर रोड का नज़ारा इन दिनों किसी तालाब से कम नहीं दिखता। गीतांजलि इन होटल के सामने नाली न होने की वजह से सारा गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। सड़क अब तालाब जैसी बन चुकी है, जिससे वार्ड वासियों का चलना-फिरना और घर से निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। राहगीरों का कहना है कि जब भी कोई गाड़ी सड़क से गुज़रती है, तो पानी सीधे घरों के अंदर घुस जाता है।

इलाके के लोगों ने बताया कि कई बार नगर परिषद बरही और एमपीआरडीसी (MPRDC) को शिकायत की गई, यहाँ तक कि 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। नतीजतन सड़क के किनारे रहने वाले लोग आज नरकीय ज़िंदगी जीने को मजबूर हैं।

गंदे पानी और मच्छरों से माहौल बेहद ख़राब हो चुका है। बच्चों और बुज़ुर्गों में बीमारियाँ फैल रही हैं। वार्ड के रहवासी बताते हैं कि बारिश के बाद हालात और भी बिगड़ गए हैं — सड़क पर पूरा पानी भर जाता है और कोई अधिकारी मौके पर झाँकने तक नहीं आता, न ही समस्या का समाधान करने की कोई कोशिश की गई है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से गुज़ारिश की है कि जल्द से जल्द नाली निर्माण और पानी निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं।

वहीं गीतांजलि इन होटल के मालिक शेखर ताम्रकार ने बताया कि कई बार नाली निर्माण की मांग की गई, परंतु प्रशासन की बेपरवाही के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Share This Article