जिस हेड कांस्टेबल को लाइन अटैच किया गया, वह करोड़पति! कैमोर हत्याकांड के बाद शहर कांग्रेस ने उठाए सवाल, मुख्यमंत्री से की जांच की मांग

News Jantantra

कटनी। कैमोर हत्याकांड के बाद अब पुलिस विभाग पर सवाल उठने लगे हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अपने पत्र में शुक्ला ने कहा है कि जिले के कई पुलिस अधिकारी और आरक्षक अपनी आय से कहीं अधिक विलासिता भरी जीवनशैली जी रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिस कर्मी 25 लाख रुपये की कार, 5 लाख रुपये की मोटरसाइकिल और 3 लाख रुपये की घड़ी पहनकर घूमते हैं। शुक्ला ने सवाल उठाया कि आखिर यह सब खर्च वे किस वैध आय से वहन कर रहे हैं? कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि कैमोर थाना के जिस हेड कांस्टेबल को हाल ही में लाइन अटैच किया गया है, वह करोड़पति है।

शुक्ला ने अपने पत्र में मांग की है कि ऐसे पुलिस कर्मियों की आय और संपत्ति की विस्तृत जांच की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं उन्होंने अवैध तरीकों से तो संपत्ति नहीं अर्जित की है। उन्होंने कहा कि कैमोर हत्याकांड जैसे मामलों में निष्पक्ष जांच तभी संभव है जब संबंधित पुलिसकर्मियों की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए जाएं।

कांग्रेस नेता के इस पत्र के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इन गंभीर आरोपों पर क्या कार्रवाई करते हैं।

Share This Article