एनएमओपीएस का लक्ष्य केवल पेंशन बहाली नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की लड़ाई :प्रज्ञा

News Jantantra

मैहर।(सत्येन्द्र गौतम)एनएमओपीएस (नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार के आह्वान पर 25 नवम्बर को होने वाले बड़े कार्यक्रम की तैयारियों को गति मिल गई है। इसी निर्देश के तहत राष्ट्रीय सचिव स्थिति प्रज्ञा सोमवार देर रात हैदराबाद से फ्लाइट द्वारा जबलपुर आकर वे सीधे प्रदेश अध्यक्ष परमानंद डेहेरिया के साथ मैहर के लिए रवाना हुये।

सुबह मैहर पहुंचकर स्थिति प्रज्ञा ने सबसे पहले मां शारदा के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देशभर के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना दिलाने के संकल्प को दोहराया। मां शारदादेवी के पुजारी ने उन्हें प्रसाद प्रदान कर सफल आंदोलन हेतु आशीर्वाद दिया। इस दौरान उनके साथ रामनरेश कुशवाहा (प्रांतीय आईटी सेल), मनमोहन दुबे (संभाग अध्यक्ष), शिवनारायण मिश्रा (जिलाध्यक्ष) और ओपी खरे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मां शारदा से एनएमओपीएस आंदोलन को मजबूती और कर्मचारियों के भविष्य सुरक्षित करने की कामना की।

दरबार से दर्शन के पश्चात स्थिति प्रज्ञा ने मैहर में संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में आगामी 25 नवम्बर को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की तथा इस आंदोलन को कर्मचारियों के “बुढ़ापे की लाठी” बताते हुए पुरानी पेंशन बहाली को समय की ज़रूरत बताया।

उन्होंने कहा कि एनएमओपीएस का लक्ष्य केवल पेंशन बहाली नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की लड़ाई है। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने भी आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

Share This Article