मैहर SBI ने किया टर्म बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपये की बीमा राशि का भुगतान

News Jantantra

मैहर (सत्येन्द्र गौतम)एसबीआई द्वारा संचालित कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत समूह टर्म बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपये की बीमा राशि का भुगतान नामित लाभार्थी को किया गया। यह राशि स्वर्गीय विवेक गौतम के आकस्मिक निधन के बाद उनके नामित उत्तराधिकारी शिवेश गौतम को प्रदान की गई। विवेक गौतम मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में कार्यरत थे।
बीमा दावा सौंपने के अवसर पर विद्युत वितरण कंपनी के एसई प्रशांत सिंह, एसबीआई मैहर सिटी शाखा के शाखा प्रबंधक ओमकांत शुक्ला सहित बैंक स्टाफ सदस्य मुस्कान राय और आयुष शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज की विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत कर्मचारियों को न केवल 10 लाख रुपये तक का समूह टर्म बीमा लाभ मिलता है, बल्कि पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस के तहत 1 करोड़ रुपये तक की सुरक्षा भी प्रदान की जाती है। यह सुरक्षा आकस्मिक परिस्थितियों में कर्मचारियों के परिवारों के लिए आर्थिक सहारा साबित होती है और कठिन समय में उन्हें स्थिरता प्रदान करती है।
बैंक अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एसबीआई लगातार अपने ग्राहकों और कर्मचारियों के हित में नई योजनाएं लाने के लिए प्रयासरत है।
इस पहल के माध्यम से बैंक द्वारा न केवल कर्मचारियों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान की जा रही है, बल्कि उनके परिवारों के भविष्य को भी मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस प्रकार की योजनाओं को सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Share This Article