बरही।(सत्येन्द्र गौतम)नगर परिषद बरही के वार्ड क्रमांक 15 हीरापुर में शासकीय भूमि खसरा नंबर 1524 पर अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छिदिया निवासी झल्ली कुम्हार द्वारा ईंट निर्माण के लिए मजदूर लगाकर यह खुदाई कराई जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह कार्य किसी के इशारे पर हो रहा था, जिससे स्थानीय नागरिकों में नाराज़गी व्याप्त है।
उक्त भूमि क्षेत्र शमशान घाट एवं खेल मैदान के रूप में उपयोग की जाती रही है, ऐसे में वहां हो रही खुदाई को लेकर वार्डवासियों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद इक़बाल निज़ाम पवार मौके पर पहुंचे और नगर परिषद की टीम के साथ जाकर कार्य रुकवाया।
पार्षद पवार ने कहा, “शासकीय भूमि पर अवैध गतिविधि किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन से अनुरोध है कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।”
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो सकें।
