बरही-(सत्येन्द्र गौतम)पिपरिया खरीदी(कुटी) केंद्र में इन दिनों किसानों के साथ खुलेआम लूट का आरोप सामने आया है। किसानों का कहना है कि खरीदी केंद्र पर तुलाई के नाम पर उनसे अवैध रूप से 35 रुपये प्रति क्विंटल वसूले जा रहे हैं। यह राशि जयसवाल नामक व्यक्ति द्वारा जबरन ली जा रही है, जिससे क्षेत्र के किसान भारी नाराजगी में हैं।
किसानों के अनुसार शासन द्वारा निर्धारित नियमों में तुलाई शुल्क पूरी तरह निःशुल्क है, इसके बावजूद तुलाई के समय उनसे अतिरिक्त पैसे मांगे जा रहे हैं। जो किसान पैसे देने से इंकार करता है, उसकी फसल की तुलाई में देरी की जाती है या फिर उसे परेशान किया जाता है। मजबूरी में किसान अपनी उपज बिकवाने के लिए यह अवैध राशि देने को विवश हैं।
ग्रामीण किसानों ने बताया कि एक ओर जहां वे पहले ही खाद, बीज, डीजल और मजदूरी की बढ़ती लागत से परेशान हैं, वहीं अब खरीदी केंद्र पर इस तरह की मनमानी से उनकी कमर टूट रही है। किसानों का आरोप है कि इस अवैध वसूली से कुछ व्यापारी और बिचौलिए मालामाल हो रहे हैं, जबकि असली उत्पादक किसान ठगा जा रहा है।
इस मामले को लेकर किसानों ने कलेक्टर से लिखित शिकायत कर जांच की मांग की है। किसानों ने मांग की है कि जयसवाल नामक व्यक्ति द्वारा की जा रही अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही खरीदी केंद्र पर शासन के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसानों का शोषण न हो।
