कटनी में ऑनलाइन ठगी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने दो को किया गिरफ्तार

News Jantantra

कटनी (सत्येन्द्र कुमार )जिले में ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार इजाफा होता जा रहा है। ठग अब नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को चूना लगा रहे हैं। इसी कड़ी में कटनी में एक बड़े ऑनलाइन ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया है कि ठगी से प्राप्त राशि को सोने की खरीद-बिक्री और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर सफेद करने का काम किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, इस मामले की जांच दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम कर रही थी। ठगी के पैसों का लिंक कटनी तक पहुंचने पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। कोतवाली पुलिस ने बताया कि टीम ने शहर के एक सराफा कारोबारी और बैंक कर्मी को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में सराफा व्यवसायी रवि पाहूजा, जो संगीता ज्वेलर्स, माधवनगर का संचालक है, और फिनो बैंक का डिस्ट्रीब्यूटर रवि रावलानी, निवासी एडीएम लाइन, माधवनगर शामिल हैं। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए ठगी की रकम को गोल्ड ट्रेडिंग में लगाकर करोड़ों रुपए का हेरफेर किया।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में दर्ज कई ऑनलाइन ठगी मामलों की रकम इन खातों से होकर गुजरी थी। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी ठगी की रकम को गोल्ड और क्रिप्टो के जरिए वैध दिखाने का प्रयास कर रहे थे।

दिल्ली क्राइम ब्रांच और कटनी पुलिस ने संयुक्त रूप से आरोपियों के ठिकानों से कई दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और बैंक रिकॉर्ड जब्त किए हैं। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। माना जा रहा है कि इस गिरोह के तार देश के अन्य शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं।

Share This Article