कटनी, जनतंत्र। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। “शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता (छात्रवृत्ति) योजना” के अंतर्गत बीड़ी, चूना पत्थर एवं डोलोमाइट तथा लौह, मैंगनीज एवं क्रोम अयस्क खदानों में कार्यरत श्रमिकों एवं उनके बच्चों को कक्षा 1 से लेकर उच्च शिक्षा तक अध्ययन के लिए ₹1,000 से ₹25,000 तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
वैद्य प्रभारी सर्वजीत सिंह रघुवंशी ने बताया कि पात्र छात्र-छात्राओं के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तथा पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) एवं फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज स्पष्ट एवं पठनीय रूप में स्कैन कर अपलोड किए जाएं। आवेदन जमा करने के बाद संबंधित विद्यालय या महाविद्यालय द्वारा ऑनलाइन सत्यापन कराना भी आवश्यक है। शिक्षण संस्थान द्वारा सत्यापित नहीं किए गए आवेदनों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा।
योजना की पात्रता, नियम एवं अन्य जानकारी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर उपलब्ध है। आवेदन संबंधी सहायता के लिए जबलपुर मुख्यालय एवं कल्याण प्रशासक कार्यालय इंदौर के दूरभाष नंबरों तथा ई-मेल के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा मध्यप्रदेश परिक्षेत्र के निकटतम औषधालयों एवं केंद्रीय चिकित्सालय सागर से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।