मैहर। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) सिटी शाखा, मैहर द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत ग्राम गोरईया, पोस्ट कुसेड़ी निवासी स्वर्गीय श्री मुकेश पटेल के नामिनी को बीमा सहायता राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आम नागरिकों को बेहद कम प्रीमियम में दुर्घटना बीमा सुरक्षा प्रदान करती है और दुर्घटना में मृत्यु अथवा पूर्ण स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में नामिनी को निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक ओमकांत शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना बैंक की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में यह योजनाएं परिवारों के लिए आर्थिक संबल साबित होती हैं।
इस अवसर पर स्वर्गीय श्री मुकेश पटेल के नामिनी को योजना के तहत दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। बैंक अधिकारियों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि कठिन समय में परिवार की आर्थिक सहायता के उद्देश्य से दी जा रही है।
कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक ओमकांत शुक्ला के साथ सहायक राकेश कुमार, आयुष शुक्ला, कियोस्क संचालक संदीप त्रिपाठी, रोहित दाहिया एवं हिमांशु दाहिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इस योजना का लाभ लेने और समय पर अपना बीमा सक्रिय रखने की अपील की। बैंक अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत नामिनी को मिली दो लाख रुपये की सहायता राशि
