तहसील बरही के ब्राह्मण समाज के नवनियुक्त अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा को विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने दी शुभकामनाएं

News Jantantra

बरही (तहसील)। तहसील बरही के ब्राह्मण समाज द्वारा सर्वसम्मति से रमाकांत मिश्रा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने उन्हें शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक आवास पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया।
विधायक ने अपने आत्मीय और सहज व्यवहार के साथ प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया तथा रमाकांत मिश्रा को ब्राह्मण समाज का प्रमुख प्रतिनिधि बताते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का आधार उसका सशक्त, संवेदनशील और समर्पित नेतृत्व होता है। रमाकांत मिश्रा सरल, सहज एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के धनी हैं। समाज ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह निश्चित रूप से बरही क्षेत्र के ब्राह्मण समाज की एकता, संगठन और विकास को नई दिशा देगा।
विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में समाज के हितों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक समरसता और जनकल्याण के कार्यों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर रमाकांत मिश्रा ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और क्षेत्रीय विधायक की प्रेरणा से समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार और सौहार्द्र को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता होगी।
प्रतिनिधिमंडल में राकेश कुमार उर्मलिया, आशीष कुमार उर्मलिया, प्रेम द्विवेदी, सुरेश कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय विप्रजन उपस्थित रहे।

Share This Article