वार्ड 33 में विकास और जनसेवा का नया मॉडल, पत्रकार गली में सरला शर्मा खोलेंगी विशेष कार्यालय, उद्घाटन में जुटेंगे राज्य के कई बड़े नेता

News Jantantra

ग्वालियर। नगर राजनीति में एक नया चेहरा और नई कार्यशैली सामने आती दिख रही है। ग्वालियर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 33 से सरला शर्मा ने पार्षद चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि उन्होंने साफ कहा है कि उनका चुनाव किसी राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि समाज सेवा और जनभागीदारी के संकल्प के साथ लड़ा जाएगा।

सरला शर्मा का कहना है कि वे “मिशन 2027” को आधार बनाकर वार्ड के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान को अपना लक्ष्य मान रही हैं। उनके अनुसार राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनता के जीवन में बदलाव लाना होना चाहिए और इसी सोच के साथ उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने का निर्णय लिया है।

उन्होंने अपने प्राथमिक एजेंडे में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, बेहतर सड़कें, स्थानीय सुविधाओं का विस्तार और वार्ड का समग्र विकास शामिल किया है। उनका दावा है कि वार्ड के लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए एक अलग व्यवस्था बनाई जाएगी।

इसी कड़ी में वार्ड 33 के लिए “समस्या निदान वार्ड 33” नाम से एक कार्यालय शुरू किए जाने की तैयारी है। यह कार्यालय लक्ष्मण तलैया स्थित पत्रकार वाली गली में संचालित होगा और यहां लोगों की शिकायतें दर्ज कर उनका त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही समाधान के बाद नागरिकों से फीडबैक लेने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है ताकि जवाबदेही बनी रहे।
सरला शर्मा ने यह भी संकेत दिए हैं कि प्रदेश स्तर के एक वरिष्ठ नेता द्वारा जल्द इस कार्यालय का उद्घाटन किया जा सकता है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि समाज सेवा आधारित राजनीति और स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित यह मॉडल वार्ड 33 की जनता के बीच कितना प्रभाव छोड़ पाता है।

Share This Article