सतना। विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत गुरुवार को व्यंकटेश मंदिर परिसर, सतना में सूर्य उपासना एवं नाट्य प्रस्तुति का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी रहीं। उनके आगमन पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया और कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत सूर्य उपासना से हुई।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें नाट्य मंचन ने विशेष रूप से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कलाकारों ने अपनी सशक्त अभिनय प्रतिभा के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विक्रमोत्सव के माध्यम से सांस्कृतिक धरोहर को सहेजना और जनमानस में सांस्कृतिक चेतना का प्रसार करना रहा।
कार्यक्रम में महापौर श्री योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता सिंह, नगर निगम स्पीकर श्री राजेश चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्य श्री ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, श्रीमती सावित्री त्रिपाठी, श्रीमती एकता सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, डीईओ गिरीश अग्निहोत्री और पर्यटन विभाग से सत्येन्द्र गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि श्रीमती बागरी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल को बधाई दी गई।
व्यंकटेश मंदिर परिसर सतना में सूर्य उपासना एवं नाट्य प्रस्तुति का हुआ भव्य आयोजन
