आदिवासी परिवार के सदस्यों से घर में घुसकर की गई मारपीट, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

News Jantantra

कटनी- कुठला थाना अंतर्गत कन्हवारा गांव में आदिवासी परिवार के सदस्यों से घर में घुसकर की गई मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत सौंपी है। कहा गया है कि आरोपी पक्ष दबंग है जिसके कारण पीड़ित पक्ष के सदस्यों में दहशत का महौल है। पीड़ित पक्ष सुरक्षा की मांग भी की है। शिकायत में पीड़ित सुखदेव कोल ने बताया कि 14 मार्च 2026 की रात करीब दो बजे भाजपा युवा मोर्चा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लखन साहू, दीपक परिहार, अभिषेक पटेल और उनके दर्जनों साथियों ने सुखदेव के घर पर हमला कर दिया। हमला करने वाले दबंगों ने जबरन दरवाजा खुलवाया और सुखदेव और उसकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। दबंगों ने न सिर्फ सुखदेव, बल्कि पड़ोस में रहने वाले गोरे लाल कोल को भी बंधक बना लिया। शिकायत में आरोप है कि उन्हें घसीटते हुए पास के जंगल ले जाया गया, जहां भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई की। सुखदेव का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी दो महीने की गर्भवती पत्नी से मारपीट की गई। शिकायत में बताया गया है कि पीड़ितों ने वन विभाग से मांग की थी कि लकड़ी बीनने वाली महिलाओं के हंसिया-कुल्हाड़ी नहीं छीने जाएं। लेकिन आरोपियों को लगा कि उन्होंने बॉक्साइट के अवैध उत्खनन की शिकायत की है। मारपीट के दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और सत्ता और पुलिस का धौंस दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। आपको बतादें कि इस मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से दहशत व्याप्त है, उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। लिहाजा आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तार की जाए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कह रही है। पुलिस टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों में दबिश दे रही है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।दरअसल यह मामला मुरूम, बॉक्साइट और आयरन ओर के अवैध उत्खनन से जुड़ा हुआ है। अवैध उत्खनन से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। जिसके बाद मारपीट की यह घटना हुई। वीडियो वायरल कर बताया गया था कि क्षेत्र में मुरूम, बॉसाइट और आयरन ओर का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। जिसके बाद 12 मार्च को घर में घुसकर मारपीट की गई।

Share This Article