बरही (सत्येन्द्र गौतम)पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशानुसार अपराधियों की धरपकड़ एवं लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु जिले भर में चलाए जा रहे अभियान के तहत बरही पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2018 से हत्या के मामले में फरार चल रहे 10,000 रुपए के इनामी आरोपी राजाराम तिवारी (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम पिपरा, थाना बरही को पुलिस ने मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ज्ञात हो कि दिनांक 04 जुलाई 2018 को थाना बरही में अपराध क्रमांक 329/2018 धारा 302, 147, 148, 149, 294, 323, 324, 506 भादवि के तहत ग्राम पिपरा में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में कुल 06 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीबद्ध किया गया था, जिनमें से 05 आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चालान प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय द्वारा इन पाँचों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है। जबकि आरोपी राजाराम तिवारी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था तथा पुलिस की पकड़ से बचने के लिए पहचान छुपाकर मुंबई में शिपयार्ड पोर्ट पर काम कर रहा था।
आरोपी की तलाश हेतु बरही थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। साइबर सेल की तकनीकी सहायता तथा विश्वसनीय सूत्रों की जानकारी के आधार पर टीम मुंबई पहुँची और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में
थाना प्रभारी बरही निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव, चौकी प्रभारी खितौली ऋषभ सिंह बघेल, आरक्षक अंकित दिलीप कोल, अजय (साइबर सेल कटनी) एवं सैनिक बृजेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
