सतना (सजल)20 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित 52वें खजुराहो नृत्य समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ विविध पर्यटन गतिविधियों ने भी पर्यटकों को खासा आकर्षित किया। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के समन्वय से आयोजित इन गतिविधियों में देश-दुनिया से आने वाले पर्य़टक रोमांचित हो उठे। साहसिक गतिविधियों के तहत पन्ना नेशनल पार्क के समीप झिन्ना और मड़ला गांव में कैंपिंग आयोजित की गई, जिसमें पर्यटकों ने प्रकृति के बीच रात्रि विश्राम का आनंद लिया।
सबसे अधिक रोमांच स्काई-डाइविंग को लेकर देखने को मिला। खजुराहो एयरपोर्ट से 10 हजार फीट की ऊंचाई से टैंडम जम्प ने युवाओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। वहीं 22 फरवरी को आयोजित हेरिटेज मैराथन में 21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पर्यटकों के लिए खजुराहो विलेज टूर, ई-साइक्लिंग टूर और ‘वॉक विद पारधी’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से उन्हें ग्रामीण जीवन और स्थानीय संस्कृति से परिचित होने का अवसर मिला। कुटनी आइलैंड पर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां दिनभर संचालित होती रहीं।
*बुंदेली व्यंजनों का लिया आनंद*
महोत्सव स्थल पर स्व-सहायता समूहों द्वारा बुंदेली व्यंजनों के फूड स्टॉल लगाए गए। वहीं ग्रामीण पर्यटन और कौशल शाखा की ओर से हस्तशिल्प व स्मृति-चिह्नों (सोवेनियर) के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। टेराकोटा, बुंदेली पेंटिंग और बीड ज्वेलरी के प्रत्यक्ष प्रदर्शन ने पर्यटकों को स्थानीय कला से रूबरू कराया। आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना केंद्र पर डिस्प्ले पैनल लगाए गए, ब्रोशर वितरित किए गए तथा शहर के प्रमुख होटलों में स्टैंडी स्थापित किए गए। सांस्कृतिक वैभव के साथ पर्यटन और रोमांच का संगम इस वर्ष के खजुराहो नृत्य महोत्सव की विशेष पहचान रहा।
खजुराहो नृत्य समारोह – स्काई-डाइविंग से हेरिटेज मैराथन तक दिखा रोमांच,म.प्र. टूरिज्म बोर्ड की पहले से खजुराहो बना एडवेंचर हब, पर्यटन गतिविधियों ने बढ़ाई महोत्सव की रौनक
