बरही।(सत्येन्द्र गौतम)सुधा स्मृति स्कूल में आज दिनांक 14 फरवरी 2026 को कक्षा 10वीं के छात्रों का फेयरवेल कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में योग, कंप्यूटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल भारत विषयक एक विशेष कार्यशाला का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात प्रथम सत्र में विद्यालय के योग शिक्षक श्री दीपक मिश्रा ने छात्रों को योग की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को विभिन्न योगासन कराए और नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
द्वितीय सत्र में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विवेक तिवारी ने “डिजिटल भारत, एआई एप एवं कंप्यूटर” विषय पर कार्यशाला का संचालन किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को डिजिटल इंडिया के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया तथा आधुनिक तकनीकी युग में एआई एप्लीकेशन के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने छात्रों को सोशल मीडिया के लाभ और हानि के संबंध में भी विस्तार से समझाया तथा इसके सुरक्षित उपयोग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वल्पाहार के पश्चात कार्यक्रम का समापन भावुक उद्बोधन एवं पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर कक्षा 10वीं के छात्रों ने विद्यालय के डायरेक्टर रमाकांत मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट कर अपने स्नेह का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर राकेश उर्मलिया, ललित निरंजन दुबे, मैडम सोनी, प्रदीप , मनोज दुबे, अभिषेक , अशोक निगम, डी.डी. केवट, शुभम मिश्रा, जे.पी. द्विवेदी, मैडम प्रियंका, मैडम बघेल, अनामिका निगम, जानकी भावना, जोया, नेहा निगम, प्रिया सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
