ग्वालियर। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर में मतदान जारी है। शाम 4 बजे तक बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। चुनावी माहौल के बीच वरिष्ठ अधिवक्ता जितेंद्र कुमार शर्मा को अधिवक्ताओं का मजबूत समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। न्यायालय परिसर में उनके समर्थकों और युवा वकीलों में खासा उत्साह नजर आया।
जिला न्यायालय परिसर स्थित मतदान केंद्र पर सुबह से ही अधिवक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्वालियर जिले के 6298 अधिवक्ता मतदाता अपने प्रतिनिधियों के चयन के लिए मतदान कर रहे हैं। चुनाव मैदान में 12 प्रत्याशी हैं, लेकिन अधिवक्ताओं के बीच वरिष्ठ अधिवक्ता जितेंद्र कुमार शर्मा की चर्चा सबसे ज्यादा बनी हुई है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि जितेंद्र शर्मा लंबे समय से वकीलों के हितों, पारदर्शिता और बार काउंसिल में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करते रहे हैं। उनके कार्यकाल में अधिवक्ताओं के लिए बीमा सहायता राशि बढ़ाने, ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कराने, लाइब्रेरी और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य हुए, जिसका लाभ प्रदेशभर के अधिवक्ताओं को मिला।
मतदान केंद्र पर पहुंचे कई अधिवक्ताओं ने कहा कि इस बार युवा और वरिष्ठ वकीलों का बड़ा वर्ग ऐसे प्रतिनिधि को चुनना चाहता है, जो अधिवक्ताओं की आवाज मजबूती से उठा सके। इसी वजह से जितेंद्र शर्मा को लेकर सकारात्मक माहौल दिखाई दे रहा है।
मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन द्वारा अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए हैं। हेल्प डेस्क पर मतदाता पर्ची वितरण की व्यवस्था की गई है, जबकि पहचान पत्र और सनद के आधार पर मतदान कराया जा रहा है।
शाम तक मतदान प्रतिशत और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं चुनावी माहौल में वरिष्ठ अधिवक्ता जितेंद्र कुमार शर्मा के समर्थन में बढ़ता रुझान चर्चा का विषय बना हुआ है।
