क्रशर खदानों में टीम ने की खनिज उतखनन और राजस्व की जांच

News Jantantra

बरही।(सत्येन्द्र गौतम )खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को बरही तहसील के अंतर्गत संचालित स्टोन क्रशर खदानों का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई कलेक्टर आशीष तिवारी और संचालक खनिज प्रशासन द्वारा हाल ही में आयोजित टास्क फोर्स बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में की गई। जिले में खनिज दोहन एवं राजस्व संग्रहण की पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अवैध खनन पर नियंत्रण के उद्देश्य से यह निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण दल ने मझगवा, बुजबुजा, बिचपुरा, कन्नौर सहित आसपास के क्षेत्रों में संचालित कई क्रशर यूनिटों पर पहुंचकर वहां के अभिलेखों की जांच की। टीम ने खनिज उत्पादन, परिवहन पास, रॉयल्टी जमा विवरण सहित स्वीकृत क्षेत्र सीमा की स्थिति का भी मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने क्रशर संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुरूप खनन कार्य करने, परिवहन में निर्धारित दस्तावेज रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के तहत नियमित जल छिड़काव करने के निर्देश दिए। टीम ने स्पष्ट कहा कि स्वीकृति सीमा से बाहर खनन या बिना रॉयल्टी के परिवहन की स्थिति पाई जाती है तो संबंधित संचालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान टीम ने ग्राम बुजबुजा के पास पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रक को पकड़ा। वाहन चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद टीम ने ट्रक को जब्त कर पुलिस थाना बरही में सुरक्षित खड़ा कराया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

निरीक्षण टीम में उप संचालक खनिज आर.के. दीक्षित, तहसीलदार बरही आदित्य तिवारी, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा सहित राजस्व और खनिज विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने कहा कि खनिज संपदा की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share This Article