कटनी (सत्येन्द्र गौतम)शहर में अवैध कॉलोनियों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर निगम आयुक्त ने शहर में अवैध कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और संबंधित उपयंत्रियों को वार्डों का भ्रमण कर ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में आदेशों का पालन नहीं हो रहा है।
शहर के दुबे कॉलोनी क्षेत्र में खुलेआम अवैध प्लाटिंग की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां भू-माफिया लगातार जमीन के छोटे-छोटे प्लॉट काटकर बेच रहे हैं, लेकिन नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। आरोप है कि वार्ड के उपयंत्री भी इस मामले में उदासीन बने हुए हैं और न तो मौके पर निरीक्षण कर रहे हैं और न ही अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कार्रवाई न होने से उपयंत्रियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। यदि समय रहते अवैध प्लाटिंग पर रोक नहीं लगाई गई तो शहर में अनियोजित कॉलोनियों की संख्या बढ़ने की आशंका है, जिससे भविष्य में बुनियादी सुविधाओं की समस्या और गंभीर हो सकती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शहर मे अवैध कॉलोनियों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल
