कटनी (सत्येन्द्र गौतम)विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम घुनौर में मंगलवार को तेंदुए के हमले से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। गांव के 10 वर्षीय बालक को तेंदुआ अचानक उठाकर ले गया। इस हृदयविदारक घटना से गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालक गांव के समीप अपने घर के आसपास खेल रहा था। तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हमला कर उसे अपने जबड़े में दबोच लिया और जंगल की ओर भाग गया। बालक की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तेंदुआ ओझल हो चुका था। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद जंगल क्षेत्र में बालक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला।
वन विभाग की टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए की लगातार गतिविधियां देखी जा रही थीं और पहले भी ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत की गई थी। बावजूद इसके ठोस कदम नहीं उठाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने, क्षेत्र में पिंजरे लगाने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजा gbम की मांग भी उठाई गई है। फिलहाल गांव में भय का माहौल है और लोग बच्चों को घरों से बाहर निकलने से रोक रहे हैं। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष टीम तैनात करने का आश्वासन दिया है।
घुनौर में तेंदुए का कहर: 10 वर्षीय बालक को उठाकर ले गया, जंगल में मिला शव, गांव में आक्रोश
