प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से बोरिंग का कार्य जारी

News Jantantra

बरही(सत्येन्द्र गौतम ) नगर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों कुठिया, मोहनगवा, ताली, रोहनिया, सलैया सिहोरा में प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से बोरिंग का कार्य जारी है। कलेक्टर द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बाद भी इन क्षेत्रों में बोरिंग मशीनें धड़ल्ले से चल रही हैं, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जलस्तर लगातार गिरता जा रहा है और इसी कारण प्रशासन ने नए बोरिंग पर रोक लगाई थी। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा नियमों की अनदेखी कर निजी स्वार्थ के चलते बोरिंग कराई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे मामले में स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मौन बना हुआ है, जिससे अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई जगहों पर रात के समय बोरिंग मशीनें चलाई जा रही हैं ताकि कार्रवाई से बचा जा सके। इससे न केवल जल संकट और गहराने की आशंका है, बल्कि सरकारी आदेशों की भी खुली अवहेलना हो रही है।
जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और दोषियों पर जुर्माना या अन्य दंडात्मक कदम उठाए जाएं। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में क्षेत्र में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो सकता है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मुद्दे को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या वास्तव में कलेक्टर के निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो पाता है या नहीं।

Share This Article