सीएम 5 सितंबर को पन्ना जिले के अमानगंज आएंगे, कमिश्नर और आईजी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया

News Jantantra

पन्ना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 सितंबर को पन्ना जिले की गुनौर विधानसभा क्षेत्र के अमानगंज का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी और पुलिस महानिरीक्षक हिमानी खन्ना अमानगंज पहुंचे, जहां उन्होंने स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कमिश्नर अनिल सुचारी ने सबसे पहले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपेड, मंच, बैठक व्यवस्था और विभागीय प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया। कमिश्नर ने पार्किंग व्यवस्था और वीआईपी के प्रवेश एवं आमजन के आवागमन मार्ग का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यवस्था इस प्रकार की जाए जिससे आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो और कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो।

कमिश्नर ने विभागीय प्रदर्शनी के लिए लगाए जा रहे स्टॉलों की भी जानकारी ली और कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा आमजन से संवाद और विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

वहीं, पुलिस महानिरीक्षक हिमानी खन्ना ने सुरक्षा व्यवस्था का विशेष निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर रूट चार्ट और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। आईजी खन्ना ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग की तैयारी पूरी की जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 सितंबर को अमानगंज में आयोजित महिला सम्मेलन और आमसभा में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे जिले में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से गुनौर विधानसभा क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

कमिश्नर और आईजी के निरीक्षण के दौरान पन्ना कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य विभाजन कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।

Share This Article