बरही में आपत्तिजनक नारों को लेकर बढ़ा आक्रोश, कार्रवाई की मांग

News Jantantra

बरही(सत्येन्द्र गौतम) नगर में 17 मार्च को कुछ शरारती तत्वों द्वारा डीजे और माइक के माध्यम से कथित रूप से सवर्ण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में नगर के विभिन्न समाजों के जागरूक नागरिकों में गहरा आक्रोश देखा गया। इसी कड़ी में बड़ी संख्या में लोग बरही रेस्ट हाउस में एकत्रित हुए और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में नागरिकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों ने मांग की कि घटना में शामिल युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा और नगर बंद का आह्वान किया जाएगा। इस चेतावनी के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कई प्रमुख लोग मौजूद रहे, जिनमें पूर्व जनपद अध्यक्ष, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष, वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल थे। सभी ने एक स्वर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि तय समयसीमा के भीतर प्रशासन क्या कदम उठाता है और स्थिति को किस प्रकार नियंत्रित करता है।

Share This Article