सतना में औद्योगिक विकास के लिए 100 एकड़ भूमि पर बनाएंगे नया इंडस्ट्रियल पार्क, पर्यटन मे चित्रकूट व मैहर का अहम योगदान : मुख्यमंत्री डॉ यादव

News Jantantra

सतना -मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष, उद्योग, रक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विश्व में अपना परचम लहरा रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार भी प्रदेश भर में उद्योग-व्यापार को बढ़ावा देने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश में क्षेत्रीय स्तर पर इंडस्ट्री कॉन्क्लेव करने के निर्णय की सराहना की है। अब इन्हें जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा। पहले कटनी में माइनिंग सेक्टर पर केंद्रित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव हुई, अब सतना में एमएसएमई सेक्टर पर आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी। मध्यप्रदेश सर्व सुविधा युक्त बनें, मध्यप्रदेश विकास की दौड़ में सबसे आगे रहे और युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए राज्य सरकार हर कदम पर उद्यमियों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को #सतना में विंध्य व्यापार मेले को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सतना, विंध्य क्षेत्र में व्यापार-व्यवसाय का बड़ा केंद्र है। विंध्य व्यापार मेले के सफल आयोजन के लिए सतनावासी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि सतना में औद्योगिक विकास के लिए 100 एकड़ भूमि पर नया इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विंध्य व्यापार मेले के आयोजन के लिए विंध्य चेम्बर ऑफ कॉमर्स को 8 एकड़ भूमि देने एवं सतना में व्यापारिक गतिविधियों, सांस्कृतिक सम्मेलन आयोजित करने के लिए पीपीपी मोड पर गीता भवन बनाए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने 2 वर्षों के कार्यकाल में विंध्य क्षेत्र में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाई है। सतना विमानतल की एयरस्ट्रिप को बढ़ाकर 1800 मीटर तक किया जायेगा, ताकि यहां बड़े जेट विमान भी लैंड कर पाएं। चित्रकूट धाम और शारदा माता मंदिर के कारण सतना क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के लिए भी अहम है। राज्य सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेली सर्विस शुरू की है।

प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सतना को स्मार्ट सिटी के रूप में चयन कर सौगात दी है। राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नये आयाम गढ रहा है। सतना विकास के उस पथ पर शामिल हो गया है, जहां अंतरराज्यीय बस अड्डा भी उपलब्ध हो गया है।
सतना के सांसद ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में सतना जीएसटी कलेक्शन में अग्रणी जिला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यकाल में मध्यप्रदेश में 30 लाख करोड़ का पूंजी निवेश आया है। जिनमें 8 लाख करोड के औद्योगिक पूंजी निवेश धरातल पर उतर गये हैं। उन्होंने सतना हवाई पट्टी की लम्बाई 1800 मीटर करने और व्यापारिक जिले सतना को नियमित हवाई सेवा से जोडने की मांग भी रखी। सतना में रोजगार एवं व्यापार-व्यवसाय के प्रोत्साहन के लिए एमएसएमई सेक्टर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित करने की आवश्यकता है। सतना ऑटोमोबाइल विक्रय का बड़ा केंद्र है।
विंध्य चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ने कहा कि सतना विंध्य की औद्योगिक एवं पवित्र नगरी है। विंध्य व्यापार मेला सन् 2000 से प्रति दो वर्ष के अंतराल पर आयोजित हो रहा है। विंध्य व्यापार मेले का यह 25वां वर्ष एवं 12वां संस्करण है। इसमें 8 राज्यों के लगभग 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां रेडीमेड गारमेंट, इलेक्ट्रॉनिक, मोटे अनाज सहित खान-पान के स्टॉल हैं। उन्होंने विंध्य व्यापार मेले के आयोजन के लिए स्थाई भूमि देने की मांग की। व्यापारियों के हित में व्यापार संवर्धन बोर्ड के गठन की आवश्यकता है। राजधानी भोपाल की तर्ज पर सतना में ग्लोबल स्किल डेवलपमेंट पार्क बनाया जाए, ताकि युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेगे।

Share This Article