कैमोर। एसीसी दशहरा उत्सव समिति कैमोर द्वारा इस वर्ष भी भव्य दशहरा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समिति अध्यक्ष अतुल दत्ता ने जानकारी दी कि कार्यक्रमों की शुरुआत 18 सितम्बर 2025 से रामलीला मंचन के साथ होगी, जो लगातार दर्शकों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराएगा।
2 अक्टूबर को श्री वाराणसी रामलीला मंडल, बहोरीबंद (म.प्र.) द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसी दिन रात्रि में रावण वध का ऐतिहासिक आयोजन होगा, जिसे देखने हजारों श्रद्धालुओं और दर्शकों के जुटने की संभावना है।
3 अक्टूबर को स्थानीय कलाकारों की सहभागिता से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें नृत्य, गीत और नाट्य मंचन शामिल रहेगा। 4 अक्टूबर की रात कविताओं के नाम होगी, जब अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें हास्य-व्यंग्य और समकालीन रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाने एवं विचारों को झकझोरने कवि प्रताप फौजदार, मुन्ना बैटरी, अतुल ज्याला, प्रेरणा ठाकरे और पंकज प्रसून मंच पर उपस्थित रहेंगे।
5 अक्टूबर को जबलपुर का एमपी इवेन्ट एंड म्यूजिकल ग्रुप आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति देगा, जिसमें मधुर गीतों और संगीत की धुनों पर लोग झूम उठेंगे। सभी कार्यक्रम एसीसी रामलीला मैदान, कैमोर में प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से आयोजित किए जाएंगे।
समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक धरोहर को सहेजना और समाज को एकजुट करना है। आयोजकों ने नगरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से कार्यक्रमों में शामिल होकर उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
