माया कॉलेज में धूमधाम से मनाई गई सरस्वती पूजा

News Jantantra

उमरिया (सत्येन्द्र गौतम)जिले की चंदिया तहसील स्थित माया कॉलेज में आज ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में कॉलेज परिवार के सभी सदस्य, छात्र-छात्राएं तथा नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं हवन के साथ की गई, जिसमें सभी ने मां सरस्वती से ज्ञान, विवेक और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूजा कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं नाश्ता वितरित किया गया। कॉलेज परिसर भक्ति संगीत और सकारात्मक वातावरण से सराबोर रहा। इस अवसर पर नगरवासी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
कार्यक्रम में तुलिप पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल सहित उनका पूरा स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहा। साथ ही माया कॉलेज के संचालक विनय कुमार पांडेय, तारा मैम, परी पांडेय, आकाश सिंह, प्रिंस कुशवाहा सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी अतिथियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे छात्रों के बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
पूरे आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति श्रद्धा, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना रहा, जिसमें कॉलेज प्रशासन पूरी तरह सफल रहा।

Share This Article