कटनी(सत्येन्द्र गौतम) जिले में अवैध कोयला कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है, जिससे शासन को भारी राजस्व हानि हो रही है। जानकारी के अनुसार,कटनी रीठी nkj बरही सहित जिले के कई रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों से कोयले की चोरी कर उसका अवैध भंडारण और व्यापार किया जा रहा है। यह पूरा नेटवर्क अब संगठित रूप लेता दिखाई दे रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, रेलवे स्टेशनों के आसपास गिरे हुए कोयले को मजदूरों से झाड़ू लगवाकर एकत्र कराया जाता है। इसके बाद इस कोयले को ट्रैक्टर, छोटे वाहनों या अन्य साधनों से गुप्त स्थानों तक पहुंचाया जाता है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई जगहों पर छोटे-छोटे गोदाम बनाकर कोयले का अवैध भंडारण किया जा रहा है। बिना किसी वैध दस्तावेज के इस कोयले की लगातार सप्लाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में शामिल लोग कोयले को ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। इस पूरे नेटवर्क के चलते शासन को लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पूर्व में जीएसटी विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा इस अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद इस पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि अवैध भंडारण और कोयला चोरी पर रोक लगाई जा सके और राजस्व की हो रही क्षति को बचाया जा सके।
जिले में अवैध कोयला कारोबार का बोलबाला, जिम्मेदार बने अनजान
