कैमोर। जिले के कैमोर नगर में आज दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष एवं बजरंग दल के पूर्व पदाधिकारी निलेश उर्फ नीलू रजक की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे कैमोर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग दहशत में हैं और बाजार क्षेत्रों में सन्नाटा पसर गया है।
जानकारी के अनुसार नीलू रजक दोपहर के समय किसी काम से बाहर गए थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। नीलू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी है।
कैमोर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल को घेर लिया है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस ने कई पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
नीलू रजक स्थानीय स्तर पर एक सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। उनकी लोकप्रियता और मिलनसार स्वभाव के चलते बड़ी संख्या में लोग उन्हें जानते थे। हत्या की खबर लगते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, बजरंग दल सदस्यों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया। लोग बड़ी संख्या में थाने और अस्पताल के बाहर जुटने लगे।
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, नगर में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
यह घटना कैमोर क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है।
