बरही पुलिस की बड़ी सफलता: ऑपरेशन मुस्कान के तहत अपहृत बालिका रीवा से सकुशल दस्तयाब

News Jantantra

बरही (सत्येन्द्र गौतम)
कटनी जिले के बरही थाना पुलिस ने “विशेष ऑपरेशन मुस्कान” के तहत सराहनीय कार्यवाही करते हुए अपहृत बालिका को रीवा (मध्य प्रदेश) से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया। यह कार्यवाही दिनांक 01 जनवरी 2026 को पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार की गई।

पुलिस मुख्यालय द्वारा अपहृत बालक एवं बालिकाओं की त्वरित दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना बरही पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।

थाना प्रभारी बरही शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना बरही के अप.क्र. 756/2025 धारा 137(2) बी.एन.एस. के प्रकरण में अपहृत बालिका की तलाश तेज की। तकनीकी साक्ष्यों एवं सतत प्रयासों के आधार पर पुलिस टीम ने बालिका को रीवा जिले से सकुशल दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की।

दस्तयाबी के उपरांत बालिका को नियमानुसार उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी और सुकून साफ झलक रहा था। परिजनों ने बरही पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यवाही की सराहना की।

इस सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी बरही शैलेन्द्र सिंह यादव एवं उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह सेंगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बरही पुलिस की इस सफलता से एक बार फिर यह सिद्ध हुआ है कि ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से पुलिस अपहृत बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Share This Article