कुठिया मुहगवां में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन, 27 अप्रैल से 4 मई तक बहेगी धर्म की बयार

News Jantantra

कटनी(सत्येन्द्र गौतम) जिले के कुठिया मुहगवां में शिक्षक विजय द्विवेदी के यहां 27 अप्रैल 2026 से 4 मई 2026 तक श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। कथा की शुरुआत सोमवार, 27 अप्रैल को कलश यात्रा एवं श्रीमद् भागवत महात्मय के मंगलाचरण के साथ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन के अंतर्गत विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। 28 अप्रैल, मंगलवार को श्री शुकदेव आगमन, कपिलावतार एवं ध्रुव चरित्र का विस्तार से वर्णन होगा। इसके बाद 29 अप्रैल, बुधवार को श्री भरताख्यान और प्रह्लाद चरित्र की कथा सुनाई जाएगी, जो भक्ति और त्याग की प्रेरणा देती है।
30 अप्रैल, गुरुवार को श्री वामन अवतार, श्री रामचरित्र और श्री कृष्ण जन्मोत्सव जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का आयोजन होगा। वहीं 1 मई, शुक्रवार को श्री कृष्ण की बाल लीलाएं, छप्पन भोग एवं गोवर्धन लीला का वर्णन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर देगा।
2 मई, शनिवार को उद्धव-गोपी संवाद एवं श्री कृष्ण-रुक्मिणी विवाह का प्रसंग प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद 3 मई, रविवार को सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष कथा, विश्राम एवं हवन का आयोजन होगा। कार्यक्रम का समापन 4 मई, सोमवार को कथा विसर्जन, भंडारा एवं प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।
कथा का समय प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक मूलपाठ और दोपहर 3 बजे से हरि इच्छा तक रहेगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है। यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक एकता का संदेश देगा।

Share This Article