टूरिज्म से विंध्य में आएगी नई क्रांति मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में रेप्टाइल हाउस का लोकार्पण

News Jantantra

सतना उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को मैहर जिले के मुकुंदपुर स्थित व्हाइट टाइगर सफारी में नव निर्मित रेप्टाइल हाउस का लोकार्पण किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि पर्यटन के माध्यम से विंध्य क्षेत्र में विकास की नई क्रांति आएगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि सफारी को भविष्य में मध्यम श्रेणी के जू के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रीवा में एयरपोर्ट की स्थापना से विंध्य क्षेत्र के पर्यटन को नई गति मिलेगी और यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

विद्यार्थियों को अध्ययन में मिलेगा लाभ

पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विजिटर्स गैलरी में स्टील रेलिंग, जानकारी देने वाले साइनेज बोर्ड तथा गार्डन क्षेत्र में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित किए गए हैं। रेप्टाइल हाउस के प्रारंभ होने से वनस्पति एवं प्राणीशास्त्र के विद्यार्थियों को अध्ययन में लाभ मिलेगा, वहीं शैक्षणिक संस्थानों से आने वाले छात्रों को सरीसृपों एवं जैव विविधता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

अध्यक्षता कर रहे सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में व्हाइट टाइगर सफारी ने लगातार प्रगति करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। रेप्टाइल हाउस में किंग कोबरा सहित विभिन्न प्रजातियों के सांप पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र बनेंगे। रीवा एयरपोर्ट बनने से देशभर के पर्यटकों के लिए मुकुंदपुर पहुंचना और आसान होगा। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, नगर निगम रीवा के स्पीकर व्यंकटेश पाण्डेय पर्यटन विभाग से सत्येन्द्र गौतम सहित जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी एवं जू प्रबंधन के कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों को चिडियाघर प्रबंधन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

रखे गए हैं 11 प्रजाति के सांप

रेप्टाइल हाउस को सर्पिलाकार डिजाइन में विकसित किया गया है, जिसमें 11 प्रजातियों के सांपों तथा एक प्रजाति की छिपकली के लिए विशेष रहवास तैयार किए गए हैं। प्रत्येक रहवास में संबंधित प्रजाति के प्राकृतिक आवास के अनुरूप वातावरण निर्मित किया गया है तथा सतत निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

ये अधिकारी रहे मौजूद

लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य वनसंरक्षक वनवृत्त रीवा राजेश राय, वन संरक्षक कार्य आयोजना रीवा अनुराग सिंह, वनमण्डलाधिकारी मैहर विद्याभूषण मिश्रा, जू संचालक रामेश्वर टेकाम, वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नितिन गुप्ता, क्यूरेटर जू मुकुन्दपुर बीनू सिंह बघेल सहित संभाग के विभिन्न वनमण्डलाधिकारी, उपवनमण्डलाधिकारी, वनपरिक्षेत्र अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article