बरही नगर में विशाल हिंदू सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सर्व हिंदू समाज की बैठक संपन्न

News Jantantra

बरही नगर में सनातन संस्कृति, धर्म और सामाजिक एकता को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन 2026 की तैयारियों के तहत शनिवार 10 जनवरी 2026 को सर्व हिंदू समाज की एक वृहद बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक दोपहर 2 बजे श्रीराम मंदिर, बरही में संपन्न हुई, जिसमें आयोजन समिति की संचालन टोली के सदस्य, नगर के वरिष्ठजन तथा मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
बैठक में 22 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मेलन हिंदू जागरण की दिशा में नई ऊर्जा एवं चेतना प्रदान करेगा तथा समाज में एकता, समरसता और धर्मचेतना को मजबूत करेगा। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जनसंपर्क को लेकर जिम्मेदारियां भी तय की गईं।
बैठक के पश्चात भगवा ध्वज के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा श्रीराम मंदिर बरही से प्रारंभ होकर नगर के बीच बाजार से होते हुए आयोजन स्थल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कटनी रोड, बरही तक पहुंची। यात्रा के दौरान नगर में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
आयोजन स्थल पर मंत्रोच्चार के साथ विधिवत भूमि पूजन किया गया, साथ ही ध्वज एवं कलश पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने सनातन संस्कृति के संरक्षण और हिंदू समाज की एकता के संकल्प को दोहराया।
आयोजन समिति ने नगर के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 22 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं। यह सम्मेलन बरही नगर के लिए गर्व और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनेगा।

Share This Article