बरही।भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य जारी है। इसमें जिले के बीएलओ द्वारा, घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरित करना, भरवाकर प्राप्त करना और उसे बीएलओ एप पर अपलोड कर डिजिटलाइजेशन पूर्ण करना शामिल है। एक ओर जहां बीएलओ कुशलता से कार्य कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर जिले के आला अधिकारी भी मतदाताओं से चर्चा करने पहुंच रहे हैं।
एसआईआर प्रक्रिया के प्रथम चरण में जिले की चारों विधानसभाओं क्रमश: मुड़वारा, विजयराघवगढ, बडवारा और बहोरीबंद क्षेत्र के कई बीएलओ ने कार्यकुशलता का परिचय दिया है। इन बीएलओ ने 4 नवंबर से 17 नवंबर की अवधि में ही 76 प्रतिशत तक कार्य पूर्ण कर एक मिसाल कायम किया है। इन बीएलओ की कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सराहना की है। इनमें मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 275 देवरी की बीएलओ प्रेमलता नामदेव ने 76.8 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया है। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 162 दिघी की बीएलओ सुनीता पटेल ने 55.5 प्रतिशत, मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 37 कन्हवारा की बीएलओ ने 54.1 फीसदी एवं मतदान केन्द्र क्रमांक 49 मड़ई के बीएलओ चेतेंन्द्र सिंह ने 53.1 फीसदी और विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 240 कोठिया महगांव के बीएलओ ने 47.7 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य कर लिया है।