विजयराघवगढ़ से कैमोर तथा बरही बायपास निर्माण परियोजना से प्रभावित क्षेत्रों व ग्रामों में लोकसुनवाई शिविर होगी आयोजित

News Jantantra

बरही (सत्येन्द्र गौतम) विजयराघवगढ़ से कैमोर तथा बरही बायपास निर्माण के लिए कटनी के तहसील विजयराघवगढ़ के अन्तर्गत ग्राम बंजारी, मझगवां, गौरहा एवं कलहरा तथा तहसील बरही के ग्राम खन्ना बंजारी, बरही एवं बुजबुजा की जमीनों का अर्जन किया जाना है। इसके लिये कलेक्‍टर आशीष तिवारी ने इन सभी ग्रामों में लोकसुनवाई हेतु अपर कलेक्‍टर एवं जिला भू-अर्जन अधिकारी श्री नीलांबर मिश्रा को नियुक्‍त किया है।

भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार नियम, 2013 की धारा 5 के प्रावधान तहत सामाजिक समाघात निर्धारण के लिये परियोजना से प्रभावित क्षेत्रों व ग्रामों में लोकसुनवाई शिविर का आयोजन किया जायेगा। साथ ही प्रभावित ग्रामों के सभी जनसामान्य से जन सुनवाई हेतु निर्धारित की गई तिथि पर उपस्थित होकर परियोजना हेतु तैयार की जा रही सामाजिक समाघात प्रतिवेदन रिपोर्ट एवं सामाजिक समाघात प्रबंध योजना पर अपना अभिमत प्रस्तुत करने का आग्रह किया है। ताकि सामाजिक समाघात निर्धारण प्रतिवेदन एवं सामाजिक समाघात प्रबंध योजना का अवलोकन कार्यालय कलेक्टर की भू-अर्जन शाखा में किया जा सके।

इन तिथियों को होगी लोकसुनवाई

जारी अधिसूचना के अनुसार तहसील विजयराघवगढ़ के ग्राम पंचायत बंजारी में 19 नवंबर प्रात: 11 बजे, ग्राम मझगवां के आंगनबाड़ी भवन में 19 नवंबर अपरान्‍ह 2 बजे, ग्राम पंचायत गौरहा में 20 नवंबर प्रात: 11 बजे एवं ग्राम पंचायत कलहरा में 20 नवंबर अपरान्‍ह 2 बजे जनसुनवाई आयोजित की गई है। इसी प्रकार तहसील बरही के ग्राम पंचायत भवन खन्‍ना बंजारी में 21 नवंबर प्रात: 10 बजे, ग्राम पंचायत बरही में 21 नवंबर दोपहर 12 बजे एवं ग्राम पंचायत बुजबुजा में 21 नवंबर अपरान्‍ह 2 बजे लोकसुनवाई का आयोजन किया जायेगा।

Share This Article